भिलाई में पीलिया का बढ़ता खतरा: 9 नए मरीज मिले, संक्रमितों की संख्या 24 पहुंची

भिलाई में पीलिया का बढ़ता खतरा: 9 नए मरीज मिले, संक्रमितों की संख्या 24 पहुंची

Jaundice active case in Bhilai: भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में पीलिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। वार्ड-67, सेक्टर-7 पश्चिम स्थित स्ट्रीट-37A इलाके में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के विशेष अभियान के दौरान 9 नए मरीजों की पुष्टि हुई, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में घर-घर सर्वे करते हुए 104 मकानों में रहने वाले लोगों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लिए गए। साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों को जांच के लिए बुलाया गया और पहले से लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट भी मौके पर ही उपलब्ध कराई गई।

मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उपचार व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। वर्तमान में 9 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें 5 का इलाज शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में और 4 का इलाज पल्स अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्हें आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में बीमारी के फैलने का मुख्य कारण दूषित पानी को माना जा रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार इलाके की पानी पाइपलाइन 40 से 50 साल पुरानी है, जिसकी कई बार शिकायत की जा चुकी थी। स्थिति गंभीर होने पर बीएसपी और एचएससीएल प्रबंधन ने अब पुरानी पाइपलाइन बदलने का काम शुरू कर दिया है। नई पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की जा रही है, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों के मुताबिक पीलिया दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन से फैलता है, जिसके लक्षण 15 से 50 दिनों के भीतर दिखाई दे सकते हैं। भूख कम लगना, उल्टी, कमजोरी, पेशाब का पीला होना, आंखों और त्वचा का पीला पड़ना जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है।


Related Articles