वंदे मातरम् के 150वें वर्षगांठ पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं से कहा- देशभक्ति केवल यादों में न रखें, कर्मों से दिखाएँ

वंदे मातरम् के 150वें वर्षगांठ पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं से कहा- देशभक्ति केवल यादों में न रखें, कर्मों से दिखाएँ

Brijmohan Agarwal on Vande Mataram: रायपुर। वंदे मातरम् के 150वें वर्षगांठ पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् आज भी भारत को एकजुट रखने का मंत्र है। उन्होंने कहा कि पहले ‘देश के लिए मरने’ की भावना थी, लेकिन आज देश के लिए अच्छा कार्य करते हुए जीना ज़रूरी है।

कार्यक्रम शनिवार को वृंदावन हाल में आयोजित किया गया, जिसमें रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 15 जनवरी को 5 लाख विद्यार्थियों द्वारा किए गए सामूहिक वंदे मातरम् गायन में भाग लेने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों, कलाकारों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता सेनानियों का गीत रहा है, जिसने लोगों को देशभक्ति की भावना से भर दिया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस गीत को उचित सम्मान मिल रहा है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे देशभक्ति को केवल यादों में न रखें, बल्कि अपने कार्यों के माध्यम से देश की सेवा करें।

कार्यक्रम में राम संगीत महाविद्यालय, मैट्स यूनिवर्सिटी, डिग्री गर्ल्स कॉलेज, गुरुकुल कॉलेज, देवेन्द्रनगर गर्ल्स कॉलेज, श्री बालाजी नर्सिंग कॉलेज, श्री नारायणा नर्सिंग कॉलेज, दिशा नर्सिंग कॉलेज, सीजी नर्सिंग कॉलेज, कोलंबिया नर्सिंग कॉलेज, शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय, कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना एवं जवाहर नवोदय विद्यालय माना के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी गर्ग और छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स के कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सलूजा मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन दानसिंह देवांगन ने किया और आभार प्रदर्शन संजय जोशी ने किया। वरिष्ठ समाजसेवी और कलाकार भी इस अवसर पर मौजूद थे।

बृजमोहन ने विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम नई पीढ़ी में देशभक्ति और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।


Related Articles