Chhattisgarh Korba News: कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के कोरबा जोन के वार्ड क्र. 08 और 09 में 54 लाख 28 हजार रुपये की लागत से सड़क रोशनी कार्य का भूमिपूजन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि रहे, जबकि महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
वार्डवासियों की सुविधा के लिए सीतामणी हटरी मेन रोड से इमलीडुग्गू स्वागत द्वार तक 60 विद्युत खंभों के साथ स्ट्रीट लाईट लगाई जाएंगी। उद्योग मंत्री देवांगन और महापौर राजपूत ने भूमिपूजन के दौरान अधिकारियों को कार्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
साथ ही नगर निगम ने इलेक्ट्रानिक वाहनों के लिए 25 लाख रुपये की लागत से ई.वी. चार्जिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया, जो घंटाघर निहारिका मार्ग स्थित स्मृति उद्यान के समीप स्थित है।
उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि जनता की इच्छाओं का सम्मान करना और विकास कार्यों को गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में लगभग 800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है, जिसमें सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, पानी और बिजली सहित अन्य बुनियादी ढांचा कार्य शामिल हैं।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में 5000 स्ट्रीट लाईट लगाने का कार्य शुरू हो चुका है, जिससे अंधेरी सड़कों पर उजियारा होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने उद्योग मंत्री देवांगन द्वारा स्वीकृत पिछले 800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को कोरबा के तेजी से विकास का प्रमाण बताया।
भूमिपूजन और शुभारंभ कार्यक्रम में कई पार्षद, मंडल अध्यक्ष और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें पार्षद नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी, राधा महंत, उर्वशी राठौर, पंकज देवांगन, ईश्वर पटेल सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे।

