सूरजपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, साइबर फ्रॉड और धोखाधड़ी के आरोपी को दबिश देकर किया गिरफ्तार

सूरजपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, साइबर फ्रॉड और धोखाधड़ी के आरोपी को दबिश देकर किया गिरफ्तार

CG Surajpur News: सूरजपुर। थाना सूरजपुर पुलिस ने साइबर फ्रॉड और धोखाधड़ी के मामलों में लिप्त आरोपी भूपेन्द्र विश्वकर्मा (40) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम रूनियाडीह, चौकी करंजी का निवासी है और वर्तमान में न्यू वकील कालोनी, नावापारा, सूरजपुर में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 अक्टूबर 2025 को ग्राम दवना निवासी विजय प्रताप ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि भूपेन्द्र विश्वकर्मा ने एसईसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर 16 फरवरी 2024 से 2025 के बीच प्रार्थी से 20 हजार रुपये और उसके रिश्तेदार रतन सिंह से 35 हजार रुपये लेकर कुल 55 हजार रुपये हड़प लिए। नौकरी न मिलने पर पैसा वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा।

इसी दौरान भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I-4C) द्वारा विभिन्न बैंक शाखाओं में लेयर-1 कार्यवाही के दौरान पता चला कि भूपेन्द्र का आईडीबीआई बैंक खाता साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके आधार पर थाना सूरजपुर में मामला पंजीबद्ध किया गया।

डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की लगातार पतासाजी की। मुखबीर की सूचना और नई तकनीक की मदद से पुलिस ने आरोपी को दबिश देकर गिरफ्तार किया।

पूछताछ में भूपेन्द्र ने बताया कि उसने अपने शौक पूरे करने के लिए नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए पैसों का दुरुपयोग किया। साथ ही उसने अपने बैंक खाते को साइबर फ्रॉड गिरोह के सदस्यों को 5 हजार रुपये में दे दिया और हर महीने 5 हजार रुपये अर्जित करता रहा। विवेचना में पाया गया कि आरोपी के खाते में कुल 77 लाख 84 हजार रुपये का लेन-देन हुआ है। इस गिरफ्तारी में थाना प्रभारी विमलेश दुबे, एएसआई देवनाथ चौधरी, आरक्षक रविराज पांडेय, बृजलाल और नरेश टोप्पो सक्रिय रहे।


Related Articles