Raipur Chain Snatching Gang रायपुर में चेन स्नेचिंग की लगातार बढ़ती वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतरराज्यीय महिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह मध्य प्रदेश के इंदौर से लग्जरी वाहन में सवार होकर देशभर के विभिन्न शहरों में भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाता था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरोह के कुल 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर निवासी संध्या सकटे, सोनिया हातागले, उज्वाला हातागले, साखरा बाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे और अभय हतागले के नाम सामने आए हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब डी.डी. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंगोराभाठा बाजार में 66 वर्षीय महिला निर्मला वर्मा की सोने की चेन झपट ली गई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
फुटेज में कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास घूमती दिखाई दीं और मौका पाकर चेन चोरी करती नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध इनोवा वाहन भाठागांव बस स्टैंड के पास खड़ा है। घेराबंदी कर पुलिस ने वाहन को रोका, जिसमें सभी 7 महिलाएं और 1 पुरुष सवार थे। शुरुआत में आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि यह गिरोह रायपुर के कई थाना क्षेत्रों जैसे सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डी.डी. नगर में एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। इसके अलावा यह गिरोह गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों में भी इसी तरह की चेन स्नेचिंग घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपये नकद, एक सोने की चेन, एक कटर, चार मोबाइल फोन और मध्य प्रदेश नंबर की इनोवा कार (MP-09-BP-1064) जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 11.30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की गई चेन बेचकर ही यह लग्जरी वाहन खरीदा था। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच जारी है।

