दुर्ग से भिलाई हुडको कॉलोनी को जोड़ने अंडरब्रिज की मांग तेज, महापौर अलका बाघमार ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सौंपा प्रस्ताव

दुर्ग से भिलाई हुडको कॉलोनी को जोड़ने अंडरब्रिज की मांग तेज, महापौर अलका बाघमार ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सौंपा प्रस्ताव

दुर्ग शहर को भिलाई की हुडको कॉलोनी से सीधे जोड़ने की दिशा में अंडरब्रिज निर्माण की कवायद अब तेज होती नजर आ रही है। इसी कड़ी में दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर इस परियोजना के लिए औपचारिक मांग पत्र सौंपा। मुलाकात के दौरान महापौर ने शहर की वर्तमान यातायात व्यवस्था की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए बताया कि दुर्ग से भिलाई की ओर जाने वाले फ्लाईओवर के नीचे फिलहाल केवल एक दिशा में ही अंडरब्रिज की सुविधा उपलब्ध है, जिससे यातायात का संतुलन बिगड़ता है और लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने यह भी बताया कि हुडको कॉलोनी की ओर सीधे मार्ग की अनुपलब्धता के कारण नागरिकों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ता है, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि ईंधन की अनावश्यक खपत भी बढ़ती है। महापौर ने प्रस्तावित अंडरब्रिज के निर्माण को शहर के लिए बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि यदि दुर्ग फ्लाईओवर के नीचे से हुडको कॉलोनी की ओर अंडरब्रिज बनाया जाता है, तो इससे आवागमन काफी सुगम हो जाएगा और यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और संतुलित बन सकेगी।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने महापौर की मांग को गंभीरता से लेते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है। अब शहरवासियों की निगाहें इस महत्वपूर्ण परियोजना पर टिकी हुई हैं और यह देखना दिलचस्प होगा कि अंडरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया कब तक धरातल पर उतरती है और लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू होता है।

Read More : बिलासपुर में 17 बकरियों की संदिग्ध मौत, पेट फटे मिले, शरीर पर थे जख्म, पुलिस ने वन्यजीव हमले की आशंका जताई


Related Articles