12वीं हिंदी पेपर लीक पर सियासत तेज: कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने भाजपा पर बोला हमला, लगाया गंभीर आरोप

12वीं हिंदी पेपर लीक पर सियासत तेज: कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने भाजपा पर बोला हमला, लगाया गंभीर आरोप

12th Hindi paper leak case: रायपुर में 12वीं हिंदी पर्चा लीक मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक में नेताओं की सांठगांठ है।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पर्चा लीक हुए एक महीना बीत चुका है, माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा एफआईआर भी दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि इस मामले में भाजपा नेताओं की भूमिका होने के कारण कार्रवाई नहीं हो रही।

इसके अलावा, स्वामी आत्मानंद स्कूलों की फीस बढ़ोतरी को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उनका कहना है कि कांग्रेस सरकार के समय छात्रों को ड्रेस समेत सभी सुविधाएं मिलती थीं, लेकिन अब न तो शिक्षकों को समय पर भुगतान हो रहा है और न ही पर्याप्त बजट दिया जा रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नर्सरी और पीपी-1 कक्षाएं बंद की जा रही हैं, जिससे फ्री एजुकेशन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सरकार द्वारा नए विवेकानंद स्कूल खोलने की घोषणा को उन्होंने सिर्फ “वाहवाही लूटने की कोशिश” बताया।

आयुष्मान योजना को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। उनका कहना है कि निजी अस्पताल इसे व्यवसाय बना रहे हैं और समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण मरीजों को इलाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं, सांसद संतोष पांडेय के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि यदि नक्सलवाद खत्म हो चुका है, तो जनप्रतिनिधियों को Z+ सुरक्षा क्यों दी जा रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर असल मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।


Related Articles