Chhattisgarh Patan News: पाटन। छत्तीसगढ़ की पाटन जनपद पंचायत के अंतर्गत धौराभाटा ग्राम पंचायत ने स्वच्छता बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई करते हुए खुले में गंदगी फैलाने के मामले में एक वाहन को जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक AP16TX4515 के माध्यम से सेप्टिक टैंक का मल सार्वजनिक स्थानों पर फेंका जा रहा था। शिकायत मिलने पर पंचायत टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया।
पंचायत के अनुसार, स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव को पहले ही ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) घोषित किया जा चुका है। ऐसे में इस तरह की गतिविधि नियमों का उल्लंघन होने के साथ ही जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में दुर्ग कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।
ग्राम पंचायत धौराभाटा के सरपंच विनय चंद्राकर ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

