Durg Accident News: दो हादसों में तीन की मौत, सड़क दुर्घटना में दो, रेलवे ट्रैक पर कूदकर युवक ने की आत्महत्या

Durg Accident News: दो हादसों में तीन की मौत, सड़क दुर्घटना में दो, रेलवे ट्रैक पर कूदकर युवक ने की आत्महत्या

दुर्ग। जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घटना में युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। लगातार सामने आई इन घटनाओं से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।

पहली घटना पुलगांव थाना क्षेत्र के कोनारी चौक के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार चंदखुरी भाटा निवासी प्यारेलाल साहू (68) अपने रिश्तेदार गेंदलाल साहू (51), निवासी बासिन, गुंडरदेही (बालोद) के साथ सुबह करीब 6 बजे टीवीएस बाइक से ग्राम कोनारी जा रहे थे। दुर्ग-बालोद मुख्य मार्ग पर सड़क पार करते समय बालोद की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप (क्रमांक CG 04 QE 1977) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बोलेरो के साथ घिसटते हुए सड़क किनारे नाले में जा गिरी और दोनों वाहन आपस में फंस गए। पुलगांव थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह संधू के अनुसार हादसे में प्यारेलाल साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल गेंदलाल साहू को तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां सुबह करीब 9:30 बजे इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी चालक फरार हो चुका था। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।

इसी बीच दूसरी घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के सिकोला रेलवे फाटक के पास बुधवार शाम करीब 4 बजे हुई, जहां लल्ला विश्वकर्मा (38) नामक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक ट्रेन के सामने आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के बड़े भाई विजय विश्वकर्मा ने बताया कि लल्ला विश्वकर्मा शराब का आदी था और पिछले कई दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। घटना के दिन 8 अप्रैल को भी वह नशे की हालत में था और इसी दौरान उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

Read More : प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित हजारों ग्रामीणों ने दुर्ग कलेक्टर कार्यालय पर किया प्रदर्शन, आवेदन के बावजूद नहीं मिला लाभ, सिस्टम की खामियों पर उठाए गंभीर सवाल


Related Articles