Bhilai Carrom Center Fight Video भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब कैरम सेंटर पर सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा मारपीट और हत्या के प्रयास तक पहुंच गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई धारदार नुकीली वस्तु सहित अन्य सामान भी जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
घटना 7 अप्रैल की बताई जा रही है, जब पीड़ित मोहम्मद वसीम ने छावनी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। वसीम ने पुलिस को बताया कि वह मेला-मंडई में परदा बेचने का काम करता है। घटना वाले दिन वह अहमद नगर कैम्प-02 स्थित बड़ी मस्जिद के पास अयाज अहमद सिद्दीकी के कैरम सेंटर में बैठा हुआ था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उससे सिगरेट मांगने लगे। इस पर वसीम ने कहा कि यह उसकी दुकान नहीं है और वे दुकान संचालक से सिगरेट लें। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर वसीम के साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने उसका गला दबाया और धारदार नुकीली वस्तु से हमला कर उसे जान से मारने की कोशिश की। इस हमले में वसीम के पीठ, हाथ, पेट, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह उसे बचाया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में रफिक, वसीम कुरैशी उर्फ कालू और रज्जा अहमद उर्फ पप्पू शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार नुकीली वस्तु और एक पानी की बोतल जब्त की गई है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

