Raipur Tower Incident Video राजधानी रायपुर के टैगोर नगर इलाके में गुरुवार शाम उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) का एक ड्राइवर अचानक टॉवर के पाइप पर चढ़ गया। शाम करीब 4 बजे हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ड्राइवर विष्णु यादव, जो कि एक प्राइवेट कर्मचारी बताया जा रहा है, अचानक टॉवर के ऊंचे पाइप पर चढ़ गया और काफी देर तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा।
मौके पर मौजूद उसके साथियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और तुरंत डायल 112 की टीम को सूचना दी। टीम के पहुंचने के बाद साथियों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
घटना के पीछे की असली वजह फिलहाल सामने नहीं आ पाई है, लेकिन उसके साथियों का कहना है कि विष्णु यादव पिछले कुछ समय से आर्थिक और मानसिक तनाव में था। पुलिस ने उसे सुरक्षित उसके अश्वनी नगर स्थित घर पहुंचा दिया है और परिजनों को पूरी जानकारी दे दी गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक अश्वनी नगर का निवासी है और उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

