Bhilai Pond Drowning Incident भिलाई के कैम्प-2 शारदा पारा तालाब में बुधवार शाम एक 40 वर्षीय व्यक्ति, संतोष यादव उर्फ पोपू, डूब गया। वह पेशे से हमाली था। घटना वार्ड-35 के छावनी थाना क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, संतोष यादव शाम करीब 4 बजे तालाब में नहाने गया और गहरे पानी में चले जाने के बाद डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब उसे पानी में नहीं देखा तो तलाश शुरू की। थोड़ी देर बाद परिजनों और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली और पुलिस को सूचित किया गया।
छावनी थाना प्रभारी अमित अंदानी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। SDRF और गोताखोरों की टीम शाम 4 बजे से तालाब में खोजबीन कर रही है, लेकिन अब तक संतोष यादव का कोई सुराग नहीं मिला।
मजदूर के बेटे का आरोप है कि दो साल पहले तालाब की गहराई बढ़ा दी गई थी, जिससे यह और खतरनाक हो गया। तालाब के चारों ओर फैली जलकुंभी की वजह से पानी की वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।
स्थानीय लोग बताते हैं कि तालाब के आसपास सुरक्षा के कोई विशेष इंतजाम नहीं हैं, न चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न बाउंड्री की व्यवस्था है। जलकुंभी की वजह से तालाब और भी खतरनाक हो गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और गोताखोरों की मदद से शव की तलाश जारी है।

