देवरीबंगला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डेगरापार में तहसील साहू समाज डौंडीलोहारा द्वारा कर्मा जयंती महोत्सव एवं सामाजिक जागरूकता शिविर का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कुंवर सिंह निषाद उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश साहू समाज के अध्यक्ष डॉ. निरेंद्र साहू ने की। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, परंपरा और जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने समाज के लिए समय निकालना चाहिए और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे समाज की परंपरा, संस्कृति और रीति-रिवाजों को समझें और उनसे जुड़कर आगे बढ़ें। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिकता के दौर में हमें अपनी संस्कृति और संस्कारों को नहीं भूलना चाहिए, क्योंकि यही हमारी पहचान और ताकत है।
प्रदेश साहू समाज के अध्यक्ष डॉ. निरेंद्र साहू ने अपने संबोधन में कहा कि बालोद जिले में साहू समाज का संगठन काफी मजबूत है और इसे और सशक्त बनाने के लिए वर्षों से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि समाज को संगठित करने की शुरुआत वर्ष 1911 से हुई थी और 1935 में इसे एक मजबूत स्वरूप मिला। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों को संगठित रहने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यदि समाज एकजुट नहीं रहेगा तो भविष्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
कार्यक्रम के दौरान समाज की प्रगति और विकास को लेकर भी कई महत्वपूर्ण बातें रखी गईं। विधायक ने परीक्षेत्रीय साहू समाज के लिए डांगरा पर में भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा की, जिससे समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। साथ ही माता कर्मा के जीवन से भक्ति, शक्ति और मुक्ति का संदेश लेने की बात कही गई, जिससे समाज को प्रेरणा मिल सके।
महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और समाज के लोगों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया। इस दौरान पवन साहू, तोमन साहू, गुलशन चंद्राकर, चुन्नी मानकर, पूजा वैभव साहू, अनूपी भूआर्य, कलीबाई कोठारी, ममता साहू, परमानंद साहू, गिरधारी लाल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे।
Read More : रायपुर के ‘फर्जी कैफे’ में पुलिस की रेड, लेटनाइट चल रही थी पार्टी, कैमरा लेकर पहुंचे अफसर

