Korba Assault Case कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी कावेरी विहार कॉलोनी में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक को नग्न कर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, इस गंभीर घटना के बावजूद अब तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान अमरदास के रूप में हुई है, जो कावेरी विहार कॉलोनी के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। उसकी पत्नी कॉलोनी में अधिकारियों के घरों में काम करती है। बताया जा रहा है कि अमरदास शराब का आदी है और घटना के दिन वह नशे की हालत में था।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, अमरदास अपने एक परिचित की बाइक लेकर गया था, लेकिन वापस लौटते समय बाइक साथ नहीं लाया। आरोप है कि उसने बाइक बेच दी थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद बाइक मालिक और अन्य लोगों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
आरोपियों ने अमरदास को कपड़े उतारकर नग्न कर दिया और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान राहगीरों ने बीच-बचाव कर घटना को रोकने की कोशिश की और जानकारी जुटाई। घटना के दौरान युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में इधर-उधर भागता रहा।
घटना की सूचना मिलने पर लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। हालांकि, घटना लगभग एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है और अब इसका वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया है।
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

