रिसाली में बिजली लाइन सुधार के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से 22 वर्षीय ठेका श्रमिक की मौत, बिना सुरक्षा उपकरण काम कराने पर उठे गंभीर सवाल

रिसाली में बिजली लाइन सुधार के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से 22 वर्षीय ठेका श्रमिक की मौत, बिना सुरक्षा उपकरण काम कराने पर उठे गंभीर सवाल

दुर्ग जिले के रिसाली क्षेत्र में शनिवार को बिजली लाइन सुधार के दौरान एक ठेका श्रमिक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रोशन कुमार देवांगन के रूप में हुई है, जो रिसाली नगर निगम में अनस्किल्ड लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। घटना गणेश नगर इलाके की है, जहां वह चालू बिजली लाइन पर काम कर रहा था। अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक को न तो किसी प्रकार की औपचारिक ट्रेनिंग दी गई थी और न ही पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। बिना सुरक्षा किट के उसे चालू लाइन पर काम कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों और निगम कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि ठेका श्रमिकों से जोखिम भरे कार्य कराए जाते हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता।


घटना के बाद रिसाली नगर निगम की महापौर शशि सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आपातकालीन बैठक बुलाई है, जिसमें संबंधित विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और महापौर परिषद के सदस्यों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में ठेकेदार की लापरवाही, सुरक्षा उपकरणों की कमी और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन की समीक्षा की जाएगी। महापौर ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने वाले ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस भी ठेका कंपनी और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच में जुटी हुई है।


Related Articles