Jamgaon Kurmi Samaj Convention News पाटन क्षेत्र के जामगांव (एम) में आयोजित चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के 56वें वार्षिक अधिवेशन में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि चंद्राकर समाज देश और प्रदेश में एक सशक्त और समृद्ध समाज है, जिसका कृषि और राजनीति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक आयोजनों में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल और छत्रपति शिवाजी महाराज को नमन करते हुए भारतीय संस्कृति में मातृ शक्ति के सम्मान की परंपरा को रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए संसद में प्रस्तावित विशेष सत्र की जानकारी भी साझा की।
उप मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने में सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करते हुए शांति स्थापना के प्रयासों पर प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों का सम्मान भी किया, जिसमें उन्नत कृषक पूजा चंद्राकर, व्यवसायी विनोद चंद्राकर और कलाकार पप्पू चंद्राकर शामिल रहे।
कार्यक्रम में उन्होंने जामगांव (एम) के कुर्मी भवन में डोम शेड और मंच निर्माण की घोषणा की, साथ ही ग्राम तर्रा में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि ललित चंद्राकर ने अपने संबोधन में समाज में शिक्षा और संगठन के महत्व पर जोर देते हुए आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की सहायता के लिए विशेष फंड बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए सामूहिक प्रयास और जागरूकता जरूरी है।
कार्यक्रम में समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश चंद्राकर, दुर्ग राज अध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिव चंद्राकर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अश्विनी चंद्राकर ने किया।

