Guna Latest News: गुना | शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की धाकड़ कॉलोनी में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग दंपति का शव उनके ही घर के अलग-अलग कमरों में मिला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पति का शव फंदे पर लटका मिला, जबकि पत्नी की लाश दूसरे कमरे में पलंग पर पड़ी पाई गई। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जीवन लीला समाप्त कर ली है। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय दिलीप कुमार गोयल और उनकी 65 वर्षीय पत्नी किरण गोयल के रूप में हुई है।
परिवार के लोग गए थे बाहर
जानकारी के अनुसार उनका बेटा-बहू एवं बच्चे बाहर गए थे। गुरुवार शाम तक पड़ोसियों की उनसे बात हुई थी। हालां रात को बेटे ने फोन लगाया तो उन्होंने कॉल नहीं उठाया। सुबह जब फिर कई बार फोन किए, लेकिन नहीं उठाएं तो बेटे ने अपने पड़ोसी पवन जैन से संपर्क कर घर में देखने की बात कही। पड़ोसियों ने घर में जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बेटा भी तत्काल परिवार के साथ गुना पहुंच गया। घर के अंदर एक कमरे में दिलीप कुमार फांसी के फंदे पर झूलते मिले, वहीं दूसरे कमरे में उनकी पत्नी किरण गोयल मृत अवस्था में पड़ी थीं।
जांच में जुटी पुलिस की टीम
पुलिस का अनुमान है कि पति ने फांसी लगाकर और पत्नी ने संभवत: जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। घटना के समय घर में बुजुर्ग दंपति ही थे। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया। इस दौरान में घर में एक और रस्सी जमीन पर पड़ी मिली। इसके अलावा एक भूरे से रंग की डिब्बी, जो संभवत: जहरीला पदार्थ है वह पड़ा मिला। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।

