Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। डॉ. रमन सिंह द्वारा विगत दिनों उनके निवास परिसर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ इतिहासकार आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र की महत्वपूर्ण पुस्तक “छत्तीसगढ़ में अंग्रेजी राज” का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने लेखक को शुभकामनाएं देते हुए पुस्तक को प्रतियोगी परीक्षाओं, अधिकारियों, अध्यापकों एवं शोधार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
पुस्तक में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, सामान्य प्रशासन, पुलिस एवं न्याय व्यवस्था, भूमि नीति, शिक्षा व्यवस्था, कृषि एवं वन विभाग से संबंधित विस्तृत एवं महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं, जो आजादी की प्राप्ति तक के दौर को समेटती हैं। इसे छत्तीसगढ़ के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण और उपयोगी कृति माना जा रहा है, जिससे भावी पीढ़ी निश्चित रूप से लाभान्वित होगी।
इस अवसर पर डॉ. सुधीर शर्मा, प्रदीप मिश्र, गणेश झा, शुभम दिव्य (पामगढ़), मनोज कुमार नायक (सारंगढ़), डॉ. अजय शर्मा (राजनांदगांव), श्रीमती छाया झा (चरोदा-कुम्हारी), अन्वया झा, राधेश्याम साहू एवं महेंद्र कुमार (रायपुर) सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह पुस्तक देश के प्रतिष्ठित इतिहासकारों द्वारा प्रशंसित एवं अनुशंसित है। साथ ही यूजीसी एवं पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की सहभागिता भी इसमें रही है।

