Chintamani Maharaj Met With PM Modi नई दिल्ली में क्षेत्रीय सांसद चिंतामणि महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान सांसद ने अंबिकापुर (दरिमा) से शुरू हुई हवाई सेवा के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और पारंपरिक मक्के की लावा से बनी माला पहनाकर उनका स्वागत किया। यह मुलाकात सरगुजा क्षेत्र के लिए विकास की नई संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सांसद ने अंबिकापुर हवाई सेवा को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और समग्र विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों और केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय के बाद अंबिकापुर से नई दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो सकी है। इस पहल से सरगुजा क्षेत्र अब देश के प्रमुख महानगरों से सीधे जुड़ गया है, जिससे व्यापार, निवेश और आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
भेंट के दौरान सांसद ने क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया और मैनपाट जैसे प्राकृतिक स्थलों के समग्र विकास और राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी के साथ पर्यटन क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इसके साथ ही सांसद ने शिक्षा के क्षेत्र में भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए छत्तीसगढ़ में शासकीय संस्कृत विद्यालय की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस दिशा में मार्गदर्शन और सहयोग की अपेक्षा की। सांसद के अनुसार, वर्तमान में राज्य में एक भी सरकारी संस्कृत विद्यालय नहीं होने से इस प्राचीन भाषा के संरक्षण और प्रसार में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
सांसद चिंतामणि महाराज ने सरगुजा के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि हवाई सेवा जैसी उपलब्धि के बाद अब उनकी प्राथमिकता पर्यटन, शिक्षा और क्षेत्रीय आर्थिक सशक्तिकरण पर केंद्रित है। प्रधानमंत्री से उनकी यह भेंट सरगुजा के विकास को नई दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

