Surajpur Water Shortage News सूरजपुर। नगर पंचायत भटगांव के वार्ड क्रमांक 13 में गर्मी शुरू होते ही पानी की गंभीर समस्या ने वार्डवासियों का गुस्सा उबाल दिया है। पानी की कमी से परेशान लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी ने नाराजगी और बढ़ा दी।
वार्डवासियों का आरोप है कि अध्यक्ष व्यक्तिगत कार्यों के लिए पसंदीदा लोगों के यहां तुरंत पहुंच जाती हैं, लेकिन आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है। इस बीच, वार्डवासियों ने एक गंभीर मामला भी उठाया कि एस.ई.सी.एल. के पुराने माइंस क्वार्टर के पास सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है और नगर पंचायत की पानी सप्लाई लाइन में अवैध कनेक्शन लेकर निजी सिंटेक्स टंकी में पानी लिया जा रहा है। इससे आसपास के कई घरों में पानी की समस्या और बढ़ गई है।
साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि पहले से मौजूद सार्वजनिक बोरवेल पर भी कब्जा कर उसे घर के अंदर ले लिया गया है, जिससे आम जनता को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा। लोगों ने इसे अधिकारों के खुले हनन के रूप में बताया और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के तुरंत बाद नगर पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश कुशवाहा और इंजीनियर निशांत गुप्ता वार्ड 13 पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर लोगों की समस्याएं सुनीं और दो दिनों के अंदर पानी की समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
वार्डवासियों के प्रतिनिधि, पार्षद विमलेश कुमार सिंह समेत लगभग दो दर्जन महिलाएं और कई पुरुष मौके पर उपस्थित थे। वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अब यह देखना है कि प्रशासन इस गंभीर जनसमस्या पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।

