Khelo India Tribal Games 2026 : दूध बेचते हुए अखाड़े तक का सफर तय कर हमाम हुसैन ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय स्तर पर जीता पहला स्वर्ण पदक

Khelo India Tribal Games 2026 : दूध बेचते हुए अखाड़े तक का सफर तय कर हमाम हुसैन ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय स्तर पर जीता पहला स्वर्ण पदक

Khelo India Tribal Games 2026 रायपुर। जम्मू-कश्मीर के हमाम हुसैन ने अपनी कठिन संघर्ष यात्रा को सफलता में बदलते हुए खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में पुरुषों के 79 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। 28 वर्षीय हमाम के लिए यह उनके 14 साल के कुश्ती करियर का पहला राष्ट्रीय स्तर का स्वर्ण पदक है।

हमाम का जीवन संघर्ष और खेल की दीवानगी का अनूठा उदाहरण है। जम्मू के जोरावर गांव में रहने वाले हमाम अपने बड़े भाई के साथ घर-घर दूध पहुंचाते हुए भी कुश्ती का अभ्यास करते रहे। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके और उनके भाई के कंधों पर आ गई। दोनों ने मिलकर दूध बेचकर घर का खर्च चलाया, लेकिन हमाम ने अपने कुश्ती के सपने को कभी नहीं छोड़ा।

उन्होंने बताया कि उनके पिता की छोड़ी हुई भैंसें ही परिवार की आजीविका का साधन बनीं। हमाम मिट्टी के अखाड़े में अभ्यास के लिए अपने गांव से करीब 20 किलोमीटर और मैट पर ट्रेनिंग के लिए लगभग 40 किलोमीटर दूर जम्मू तक का सफर तय करते हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी उम्मीद नहीं छोड़ी।

हमाम ने कहा, “हमारे पास व्यक्तिगत कोच नहीं है। अखाड़े में सीनियर पहलवान मार्गदर्शन करते हैं, और मैट पर साई सेंटर जम्मू में कोच मौजूद रहते हैं। गांव में शहर जैसी सुविधाएं नहीं हैं। यदि बेहतर सुविधाएं मिलें, तो हमारे क्षेत्र के पहलवान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पदक जीत सकते हैं।”

स्वर्ण जीतने के बाद हमाम ने यह सफलता वर्षों के संघर्ष, समर्पण और परिवार की मदद का प्रतीक बताया। उन्होंने आगे कहा, “पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता आयोजित की गई, और इसे देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा। यदि ऐसे आयोजन नियमित रूप से होते रहें, तो हम और पदक जीत सकते हैं।”

हमाम हुसैन की कहानी न केवल कुश्ती के प्रति उनके जुनून का परिचायक है, बल्कि यह यह भी दिखाती है कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने साकार किए जा सकते हैं।

Read More : रायपुर में सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश, प्रेम संबंध में शक बना हत्या की वजह, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार


Related Articles