ऑक्सीजन जोन बनने के बाद इतवारी बाजार पर संकट, व्यापारियों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, सैकड़ों लोगों ने पैदल मार्च निकालकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

ऑक्सीजन जोन बनने के बाद इतवारी बाजार पर संकट, व्यापारियों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, सैकड़ों लोगों ने पैदल मार्च निकालकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

Raigarh Itwari Bazar News : रायगढ़ में इतवारी बाजार को लेकर व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा संभाल लिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शाखा यादव ने सैकड़ों पीड़ित व्यापारियों के साथ कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर साप्ताहिक इतवारी बाजार को पूर्व की तरह उसी स्थान पर लगाने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और व्यापारियों ने पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की।

ज्ञापन में बताया गया कि रियासत काल से रविवार के दिन लगने वाला साप्ताहिक इतवारी बाजार जिस प्रांगण में संचालित होता था, वहां ऑक्सीजन जोन का निर्माण किया गया है। जब इस ऑक्सीजन जोन का प्रस्ताव सामने आया था, तभी व्यापारियों ने इसका विरोध जताया था, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि बाजार बंद हो जाएगा। इस बाजार से जुड़े लगभग एक हजार व्यापारियों की आजीविका इसी पर निर्भर है और उनके पास कोई वैकल्पिक रोजगार नहीं है। ऐसे में उनका विरोध स्वाभाविक था।

व्यापारियों का कहना है कि उस समय रायगढ़ विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने उन्हें आश्वस्त किया था कि ऑक्सीजन जोन बनने के बाद भी साप्ताहिक इतवारी बाजार उसी स्थान पर पूर्ववत लगेगा। लेकिन पिछले रविवार को जब व्यापारी अपनी दुकानें लगाने पहुंचे, तो उन्होंने परिसर के बाहर ताला लगा देखा, जिससे वे खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगे और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई कि आने वाले समय में बाजार लगेगा या नहीं।

इसी स्थिति को स्पष्ट करने और लिखित आश्वासन की मांग को लेकर बड़ी संख्या में व्यापारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। हालांकि अवकाश होने के कारण कलेक्टर उपस्थित नहीं थे, ऐसे में अनुविभागीय दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले से कलेक्टर को अवगत कराकर समाधान का प्रयास करेंगे। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और व्यापारियों ने पैदल मार्च करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचकर आयुक्त के नाम भी ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्व में विधायक और वित्त मंत्री के साथ ही नगर निगम की बजट बैठक में महापौर द्वारा भी इतवारी बाजार को पूर्ववत संचालित करने का आश्वासन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक लिखित आदेश जारी नहीं होने के कारण स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इससे व्यापारियों में अपनी रोजी-रोटी छिनने का भय बना हुआ है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव, पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, उप नेता प्रतिपक्ष विकास ठेठवार, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष बरखा सिंह, पूर्व पार्षद संजय देवांगन, महामंत्री संदीप अग्रवाल, आशीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापारी संगठन की ओर से संतोष पांडे, सुरेश बानी, छबि बेहरा और सुरेश माली सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

Read More : मोहंदी गांव में जश्न का माहौल, एसआई बनकर लौटे शेषनारायण दीवान का ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत


Related Articles