रायपुर में अवैध शराब नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, फरार मुख्य आरोपी दीपक मुदलियार गिरफ्तार, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

रायपुर में अवैध शराब नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, फरार मुख्य आरोपी दीपक मुदलियार गिरफ्तार, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

Raipur Illegal Liquor Case : रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित नेटवर्क के मुख्य सरगना दीपक मुदलियार को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना गंज क्षेत्र में जनवरी 2026 में पकड़े गए अवैध शराब के बड़े जखीरे के मामले में आगे की जांच के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार, गंजपारा स्थित प्रभात टॉकीज के पीछे भट्ठी क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 42.840 बल्क लीटर अवैध देशी मसाला मदिरा, जिसमें 238 पौवा शामिल थे, के साथ ही ₹3,40,220 नगद जब्त किए गए थे। इस कार्रवाई में कुल ₹4,28,020 की संपत्ति जप्त की गई थी।

इस मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम एवं 112(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में ही यह स्पष्ट हो गया था कि अवैध शराब का यह कारोबार संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था, जिसमें कई लोग मिलकर भंडारण, परिवहन और सप्लाई का काम कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के संकलन, पूछताछ और लगातार पतासाजी के जरिए पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।

प्रकरण में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शुरुआती कार्रवाई में ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश साहू और गोपाल दास मानिकपुरी को गिरफ्तार किया गया था, जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब और नगद राशि बरामद हुई थी। इसके बाद फरार चल रहे अन्य आरोपी राजेश नागेश, उम्र 43 वर्ष, निवासी गंजपारा स्टेशन मार्ग, तथा दीप पाल सागर, उम्र 30 वर्ष, निवासी केलकर पारा को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अवैध शराब के इस संगठित नेटवर्क के संचालन से जुड़ी अहम जानकारियां पुलिस को दीं, जिसके आधार पर पुलिस मुख्य सरगना तक पहुंचने में सफल रही। इसी कड़ी में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपक मुदलियार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वह इस पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था और लगातार फरार रहकर गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

आरोपी दीपक मुदलियार को 30 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे धारा 34(2) आबकारी अधिनियम एवं 112(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के संगठित नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Read More : गांव चलो अभियान के तहत गोंदा में कांग्रेस की बैठक, पूर्व मंत्री प्रेमसाय टेकाम रहे मौजूद, कार्यकर्ताओं ने चुनाव तैयारी और एकजुटता पर लिया संकल्प


Related Articles