Chhattisgarh Latest News: रायपुर। विष्णुदेव साय ने प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर सभी जिलों के लिए रवाना किया। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा भी पूरे प्रदेश में तत्काल प्रभाव से शुरू हो गई है, जिससे आपात स्थितियों में नागरिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा।
इस पहल के तहत पहली बार प्रदेश में 5 नियोनेटल ALS एम्बुलेंस की शुरुआत की गई है, जो नवजात शिशुओं की आपातकालीन देखभाल के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ये एम्बुलेंस गंभीर हालत में नवजातों को सुरक्षित रूप से उच्च स्तरीय अस्पतालों तक पहुंचाने में मदद करेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार हुआ है और अब लोगों का भरोसा सरकारी अस्पतालों पर बढ़ा है। उन्होंने बताया कि उप-स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के विस्तार से लोगों को छोटे उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी कहा कि 108 सेवा का विस्तार संकट के समय सरकार की तत्परता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि इस पहल से लाखों लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का दूसरा राज्य बन गया है, जहां नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है।
नियोनेटल एम्बुलेंस को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिनमें इन्क्यूबेटर, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सिरिंज पंप, नेब्युलाइज़र, सक्शन मशीन और 41 प्रकार की आपातकालीन दवाएं शामिल हैं। इसके अलावा BLS और ALS एम्बुलेंस में भी बीपी मॉनिटर, ईसीजी, ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे मौके पर ही मरीजों को प्राथमिक और उन्नत उपचार मिल सके।
यह पहल प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को तेज, सुलभ और प्रभावी बनाते हुए एक मजबूत जीवनरक्षक व्यवस्था स्थापित करेगी।

