खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की मेहमाननवाजी का जलवा, अंडमान-निकोबार खिलाड़ियों ने पर्यटन और आतिथ्य की जमकर तारीफ की

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की मेहमाननवाजी का जलवा, अंडमान-निकोबार खिलाड़ियों ने पर्यटन और आतिथ्य की जमकर तारीफ की

Khelo India Tribal Games Chhattisgarh रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के दौरान छत्तीसगढ़ की मेहमाननवाजी और सांस्कृतिक समृद्धि ने अंडमान-निकोबार से आए खिलाड़ियों का दिल जीत लिया है। खेलों के साथ-साथ राज्य सरकार और पर्यटन मंडल द्वारा खिलाड़ियों को प्रदेश की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों से रूबरू कराया जा रहा है, जिससे उन्हें एक यादगार अनुभव मिल रहा है।

इसी क्रम में अंडमान-निकोबार के वेटलिफ्टिंग खिलाड़ियों को सिरपुर के प्राचीन लक्ष्मण मंदिर और बौद्ध विहारों का भ्रमण कराया गया, जहां की ऐतिहासिक विरासत और अद्भुत नक्काशी ने खिलाड़ियों को काफी प्रभावित किया। इसके बाद दल बारनवापारा अभयारण्य पहुंचा, जहां की हरियाली, शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता ने खिलाड़ियों को नई ऊर्जा से भर दिया।

यात्रा के दौरान खिलाड़ियों ने प्राकृतिक जलधाराओं में बाँबू राफ्टिंग का रोमांच भी अनुभव किया, जिसे उन्होंने बेहद खास बताया। इसके साथ ही हरेली इको रिसोर्ट में उनके लिए पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ विशेष दोपहर भोज का आयोजन किया गया, जिसकी खिलाड़ियों ने जमकर सराहना की।

अंडमान-निकोबार के खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ की सुंदरता और यहां के लोगों के आत्मीय व्यवहार की प्रशंसा करते हुए इसे अविस्मरणीय अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि सिरपुर की ऐतिहासिक धरोहर और बारनवापारा की प्राकृतिक छटा ने उनके मन पर गहरी छाप छोड़ी है।


Related Articles