Surajpur Drunk Driver Case News सूरजपुर में ट्रैफिक पुलिस ने स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे एक नशे में धुत ईको वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। यह कार्रवाई 30 मार्च 2026 को चंदरपुर चौक में वाहन चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस टीम द्वारा रोके गए वाहन क्रमांक सीजी 29 एजी 6127 के चालक नरसिंह (30 वर्ष), निवासी ग्राम चंदरपुर, की ब्रीथ एनालाइजर से जांच करने पर वह शराब के नशे में पाया गया। साथ ही वह बिना वैध परमिट के स्कूली बच्चों का परिवहन कर रहा था।
मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 और 66/192 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया गया। ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्कूली बच्चों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की और उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया।
सूरजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

