Khelo India Tribal Games 2026 रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में 30 मार्च से ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के प्रथम संस्करण के तहत एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की शुरुआत हो रही है। जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में आयोजित इस रोमांचक आयोजन में देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 443 प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेंगे। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया मुख्य अतिथि के रूप में और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन का शुभंकर ‘मोर वीर’ है, जो जनजातीय युवाओं के साहस और ऊर्जा का प्रतीक है।
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में कुल 17 विधाएं शामिल हैं, जिनमें 100 मीटर दौड़, 10,000 मीटर लंबी दूरी की रेस, हर्डल्स, रिले रेस, ऊँची कूद और लंबी कूद जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं होंगी। पहले दिन ही डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और 110 मीटर हर्डल्स के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। शाम तक 400 मीटर और रिले रेस में विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए जाएंगे। पूरे आयोजन में 102 पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के 33 स्थानीय खिलाड़ी राज्य का मान बढ़ाने के लिए उतरेंगे।
प्रशासनिक स्तर पर आयोजन को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप भव्य बनाने की तैयारी की गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों के आवास के लिए शहर के 13 प्रमुख होटलों को चिन्हित किया है और उनके आवागमन के लिए एसी वाहनों की सुविधा सुनिश्चित की है। सुरक्षा, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्था पुख्ता की गई है। इसके साथ ही पर्यटन विभाग द्वारा आगंतुक खिलाड़ियों और अधिकारियों को बस्तर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इस आयोजन से न केवल जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा, बल्कि बस्तर की वैश्विक पहचान भी एक खेल गंतव्य के रूप में मजबूत होगी।

