Raipur Drugs Smuggler Arrested रायपुर में युवाओं को ड्रग्स सप्लाई करने वाले फरार आरोपी चंदन ठाकुर को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब तीन महीने पहले पुलिस की रेड के दौरान फरार हो गया था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचता रहा। हाल ही में उसके नागपुर में शादी करने पहुंचने की सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और यह पता लगाने में जुटी है कि वह ड्रग्स की सप्लाई कहां से करता था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। यह पूरा मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह इलाके से जुड़ा हुआ है, जहां पहले भी इस गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 22 दिसंबर 2025 को अमलीडीह स्थित वरुण अपार्टमेंट में ड्रग्स सप्लाई की सूचना मिलने पर छापा मारा गया था। इस कार्रवाई के दौरान शुभम राव, अमन शर्मा, शुभम धावड़े, पराग बरछा, मोहम्मद माजिद खान, नंदलाल ठाकुर और एक नाबालिग किशोरी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने इनके कब्जे से 11.560 ग्राम ड्रग्स, चार मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए थे। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया था कि वे चंदन ठाकुर और ऋषभ नाम के युवकों से ड्रग्स खरीदते थे। इसके बाद से ही पुलिस दोनों मुख्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। अब चंदन ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद मामले में और खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है, जबकि उसका साथी ऋषभ अब भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
Read More : दीवार बनाने को लेकर झगड़ा, मारपीट में घायल की मौत, कोर्ट ने आरोपी को सुनाई 5 साल की सजा

