विधायक अनुज शर्मा की पहल पर पहली बार कुंवरगढ़ महोत्सव का आयोजन, सांस्कृतिक विरासत के साथ क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम और पहचान

विधायक अनुज शर्मा की पहल पर पहली बार कुंवरगढ़ महोत्सव का आयोजन, सांस्कृतिक विरासत के साथ क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम और पहचान

Kunwargarh Mahotsav 2026 रायपुर/धरसींवा। धरसींवा में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान स्थानीय विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी घोषणाएं करते हुए बताया कि 31 मार्च 2026 को कुंवरगढ़ महोत्सव का भव्य शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री के कर-कमलों से किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र को ₹133 करोड़ की विकास परियोजनाओं की महत्वपूर्ण सौगात भी मिलेगी, जिसमें विभिन्न आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण शामिल है। कार्यक्रम के दौरान नव निर्मित तहसील कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि कुंवरगढ़ महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध विरासत, परंपरा और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कुंरा नगर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए बताया कि यह क्षेत्र राजा कुँवर सिंह गोंड की विरासत से जुड़ा हुआ है और इसी कारण इसे ‘कुँवरगढ़’ के नाम से भी जाना जाता है। लगभग 12 हजार की आबादी वाला यह क्षेत्र कभी रायपुर जिले के सबसे बड़े गांवों में शुमार रहा है और आज भी अपनी ऐतिहासिक गरिमा और आधुनिक विकास के बीच संतुलन बनाए हुए है।

उन्होंने जानकारी दी कि महोत्सव के दौरान स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को आर्थिक लाभ मिलेगा। साथ ही, कार्यक्रम में स्थानीय लोक कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जिससे यह आयोजन सांस्कृतिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक बनेगा।

विधायक ने यह भी बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए सुरक्षा और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और आयोजन को सफल बनाएं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों ₹133 करोड़ की विकास परियोजनाओं की शुरुआत क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी, जिससे सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। विधायक अनुज शर्मा की पहल पर पहली बार आयोजित हो रहा यह कुंवरगढ़ महोत्सव क्षेत्र के इतिहास में एक नए स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

इस प्रेस वार्ता में जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढिलेन्द्र सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खुटे, कुंरा नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद साहू, मोहन प्रजापति, योगेश साहू, टिनुकांत वर्मा सहित जिला पंचायत रायपुर के सीईओ, रायपुर एसडीएम, धरसींवा तहसीलदार, जनपद पंचायत धरसींवा के सीईओ एवं अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Read More : छत्तीसगढ़ में जन औषधि केंद्रों का नेटवर्क तैयार, रायपुर सहित 352 केंद्रों पर सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयों से लाखों लोगों को मिल रहा फायदा, संसद में बृजमोहन अग्रवाल ने उठाया था मुद्दा


Related Articles