रामनवमी पर आम जनता को बड़ी राहत: पेट्रोल और डीजल पर बड़ी राहत केंद्र के फैसले पर वन मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार

रामनवमी पर आम जनता को बड़ी राहत: पेट्रोल और डीजल पर बड़ी राहत केंद्र के फैसले पर वन मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार

CG Jagdalpur News: जगदलपुर। रामनवमी के पावन अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में की गई बड़ी कटौती को लेकर छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश के करोड़ों आम नागरिकों को सीधी राहत देने वाला है और इससे महंगाई के दबाव से जूझ रहे परिवारों को काफी सहारा मिलेगा।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। पेट्रोल पर ₹10 की भारी कटौती कर एक्साइज ड्यूटी को घटाकर ₹3 करना और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी को पूरी तरह समाप्त करना एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है। इससे न केवल आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि परिवहन लागत कम होने से आवश्यक वस्तुओं के दामों में भी कमी आने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर चल रहे आर्थिक संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बावजूद केंद्र सरकार ने जिस संवेदनशीलता के साथ यह फैसला लिया है, वह सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाता है। इस कदम से किसानों, व्यापारियों, परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों और आम नागरिकों को व्यापक लाभ मिलेगा।

वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और ऐसे फैसले सरकार की आम जनता के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी केंद्र सरकार इसी प्रकार जनहित में फैसले लेकर देशवासियों को राहत प्रदान करती रहेगी।

वनमंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय न केवल आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में भी एक मजबूत और सराहनीय कदम है। यह फैसला सरकार की संवेदनशीलता, दूरदर्शिता और जनकल्याण के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।


Related Articles