IPL 2026 Match in Raipur रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम आईपीएल 2026 के दूसरे चरण में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दो घरेलू मैचों की मेज़बानी करेगा। RCB का पहला मुकाबला 10 मई को मुंबई इंडियंस और दूसरा 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ग्रुप स्टेज के बचे हुए 50 मुकाबलों का शेड्यूल 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक जारी किया है।
रायपुर स्टेडियम में विराट कोहली, रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे बड़े सितारे खेलेंगे। वहीं KKR का मैच होने के चलते टीम के मालिक शाहरुख खान के भी रायपुर आने की संभावना है। मैचों को देखते हुए स्टेडियम में दर्शकों की सुविधाओं में बड़ा इजाफा किया जाएगा। गोल्ड और प्रीमियम श्रेणी की सीटों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ वीआईपी सीटों की संख्या बढ़ाने और फैंस के अनुभव को बेहतर बनाने पर काम कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले साल चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना को ध्यान में रखते हुए RCB प्रबंधन ने रायपुर में पुख्ता इंतजाम करने का निर्णय लिया है। भारी संख्या में दर्शकों और स्टार खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए कड़े बंदोबस्त किए जाएंगे।
रायपुर को मैच मिलने का मुख्य कारण पहले किए गए वादे हैं। RCB ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ और राज्य सरकार से कहा था कि अनिश्चितता के दौरान रायपुर में दो मैच खेलना सुनिश्चित करेंगे। स्टेडियम पहले भी 2016 में IPL मैचों की मेज़बानी कर चुका है, जब दिल्ली डेयरडेविल्स के घरेलू मुकाबले आयोजित हुए थे।
अब रायपुर का स्टेडियम पूरी तरह BCCI के अधीन है और अंतरराष्ट्रीय मानकों की सभी सुविधाओं से लैस है। RCB के मैचों में विराट कोहली समेत स्टार खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखना क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास अवसर होगा।
Read More : IPL 2026 Full Schedule: IPL के 70 मैचों का शेड्यूल हुआ जारी, नोट कर लीजिए कब-कहां होंगे मुकाबले?

