रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 28 मार्च को जशपुर में आयोजित जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन में बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में दोपहर 1 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 79,340 निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों के बैंक खातों में 27.15 करोड़ रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से अंतरित करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के सचिव गिरीश रामटेके ने जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत यह राशि वितरित की जाएगी। दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत 14 हितग्राहियों को 14 लाख 32 हजार रुपये, मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 1960 श्रमिकों को 3 करोड़ 92 लाख रुपये और मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के तहत 297 श्रमिकों को 44 लाख 55 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
इसी तरह मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 20 हितग्राहियों को 20 लाख रुपये, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत 325 श्रमिकों के बच्चों को 38 लाख 88 हजार 374 रुपये और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के अंतर्गत 3040 श्रमिकों को 6 करोड़ 08 लाख रुपये दिए जाएंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत 71,220 श्रमिकों के बच्चों को 14 करोड़ 53 लाख 96 हजार 500 रुपये, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना के अंतर्गत 1142 श्रमिकों को 39 लाख 50 हजार 624 रुपये और मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 526 हितग्राहियों को 1 करोड़ 52 लाख रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना के अंतर्गत 784 श्रमिकों को 29 लाख 04 हजार 082 रुपये, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के तहत 9 हितग्राहियों को 9 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक दीर्घायु सहायता योजना के अंतर्गत 3 श्रमिकों को 60 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

