Raigarh Afeem Farming Case रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में अवैध अफीम की खेती के बड़े मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को झारखंड से पकड़ा गया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
मामला तमनार ब्लॉक के ग्राम आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित जमीन का है, जहां बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती की जा रही थी। पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई, जिसमें खेत से 60,326 अफीम के पौधे बरामद किए गए। इन पौधों का कुल वजन करीब 2877 किलोग्राम बताया गया है, जो इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी मार्शल संगा ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस अवैध खेती को अंजाम दिया था। पूछताछ में उसने अपने अपराध को स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8(बी) और 18 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए आरोपियों के ठिकानों से 3.02 किलोग्राम अफीम भी बरामद की, जिसकी बाजार कीमत करीब 15 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, फरार आरोपियों की तलाश के लिए तमनार और साइबर थाना की संयुक्त टीमों को ओडिशा और झारखंड भेजा गया था, जहां से एक आरोपी को 22 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।
इसी क्रम में तीसरे फरार आरोपी सिप्रियन भेंगरा (25 वर्ष), निवासी ग्राम जापुद पहाड़टोली, थाना तोरपा, जिला खूंटी (झारखंड) को उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जो जांच में अहम सबूत साबित हो सकता है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Read More : मिनी बस ने बाइक को टक्कर मारी, दो की मौत, भतीजे की बारात में शामिल होकर लौट रहे थे दोनों

