बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद रायगढ़ में अलर्ट, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता, पोल्ट्री फार्म और मुर्गी दुकानों पर कड़ी निगरानी

बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद रायगढ़ में अलर्ट, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता, पोल्ट्री फार्म और मुर्गी दुकानों पर कड़ी निगरानी

Raigarh Bird Flu Alert बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद रायगढ़ में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पशु चिकित्सा विभाग और प्रशासन की टीमों ने पूरे जिले में मुर्गी दुकानों और पोल्ट्री फार्मों पर निगरानी तेज कर दी है। यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है ताकि किसी भी संभावित संक्रमण को समय रहते रोका जा सके।

दरअसल, बिलासपुर जिले के कोनी स्थित एक सरकारी पोल्ट्री फार्म में पिछले पांच दिनों के भीतर करीब 5 हजार मुर्गे-मुर्गियों की मौत हो गई थी। इसके बाद मृत पक्षियों के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए, जहां जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। इस खबर के सामने आने के बाद आसपास के जिलों में भी प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।

बताया जा रहा है कि बिलासपुर से रायगढ़ जिले में चूजों की सप्लाई भी होती है, जिस कारण संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए हैं कि यदि कहीं भी मुर्गे या मुर्गियों की असामान्य मौत होती है तो इसकी तुरंत सूचना प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते जांच और कार्रवाई की जा सके।

जिले में पशु चिकित्सा विभाग की टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। फील्ड स्टाफ विभिन्न इलाकों में जाकर मुर्गी दुकानों और पोल्ट्री फार्मों की जांच कर रहा है। साथ ही दुकानदारों और पोल्ट्री संचालकों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी 2025 में रायगढ़ जिले में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। उस समय सरकारी पोल्ट्री फार्म में पक्षियों की मौत के बाद जांच कराई गई थी और रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर नियमानुसार कई पक्षियों को नष्ट कर दिया गया था, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि जिले में स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार का खतरा नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। सरकारी पोल्ट्री फार्म के प्रभारी डॉ. डीआर प्रधान ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

Read More : रायगढ़ में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, प्रेग्नेंट होने पर होटल का खाना खिलाया, पेट दर्द के बाद अबार्शन, आरोपी गिरफ्तार


Related Articles