Raigarh Crime News रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां जीजा ने अपने ही बड़े साले की डंडे से पिटाई कर दी। इस हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पंचराम निषाद (43) निवासी श्यामनगर बजारपारा अपने परिवार के साथ ग्राम कुजेमुरा में जाति समाज के एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आया था। 14 मार्च की रात वह अपने परिजनों से तुरंत घर लौटने की बात कह रहा था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अगले दिन सुबह जाने पर अड़े थे। इसी बात को लेकर उसका अपने बड़े साले झस्केतन निषाद (49) के साथ विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी। आरोप है कि पंचराम निषाद ने गुस्से में आकर बांस के डंडे से झस्केतन निषाद पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों ने घायल को तत्काल उर्जानगर स्थित जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। रायपुर के शंकर नगर स्थित आरोग्य अस्पताल में उपचार के दौरान 19 मार्च को झस्केतन निषाद की मौत हो गई। घटना का मूल स्थान तमनार थाना क्षेत्र होने के कारण मर्ग डायरी सिविल लाइन थाना रायपुर से प्राप्त होने के बाद तमनार पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से हमला किया था, जिसके चलते गंभीर चोटों के कारण पीड़ित की मौत हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पंचराम निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को हुंकराडीपा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Read More : रायपुर में 3 फर्जी कॉल सेंटर पर रेड, 40 गिरफ्तार, एप्पल-अमेज़न के कस्टमर केयर बनकर अमेरिकियों से ठगी

