रायपुर में फिर सक्रिय हुए लुटेरे, टहलने निकली महिला से चेन स्नेचिंग, स्कूटी सवार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

रायपुर में फिर सक्रिय हुए लुटेरे, टहलने निकली महिला से चेन स्नेचिंग, स्कूटी सवार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Raipur Chain Snatching News रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रावतपुरा फेस-2 इलाके में महिला शिक्षिका के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। स्कूटी सवार अज्ञात बदमाश ने महिला के गले से करीब 30 हजार रुपए कीमत की सोने की चेन और लॉकेट झपटकर फरार हो गया।

पीड़िता रानू साहू ने बताया कि वह रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में रहती हैं। सोमवार 23 मार्च 2026 की रात करीब 9:45 बजे वह अपनी सहेली दिव्या वर्मा के साथ खाना खाने के बाद टहलने निकली थीं। जैसे ही दोनों सतबहनिया मंदिर के पास पहुंचीं, तभी पीछे से काले रंग की स्कूटी पर सवार एक अज्ञात युवक आया और अचानक झपट्टा मारकर चेन और लॉकेट छीनकर फरार हो गया।

घटना के बाद दोनों महिलाओं ने चिल्लाते हुए आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और स्कूटी की तेज रफ्तार के कारण बदमाश गलियों में ओझल हो गया। इस दौरान घबराहट में पीड़िता स्कूटी का नंबर भी नोट नहीं कर पाईं, जिससे जांच में शुरुआती दिक्कतें सामने आ रही हैं।

सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन तत्काल कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि काले रंग की स्कूटी और आरोपी के हुलिए की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमों को लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

Read More : चंदखुरी में माता कौशल्या महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब बोले- भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चल रही छत्तीसगढ़ सरकार


Related Articles