चंदखुरी में माता कौशल्या महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब बोले- भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चल रही छत्तीसगढ़ सरकार

चंदखुरी में माता कौशल्या महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब बोले- भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चल रही छत्तीसगढ़ सरकार

रायपुर। माता कौशल्या महोत्सव 2026 का शुभारंभ आरंग विधायक एवं कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दीप प्रज्वलन कर चंदखुरी में किया। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण को समर्पित माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान मानस मंडली एवं सुप्रसिद्ध कलाकार पूनम विराट तिवारी को सम्मानित किया गया। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह महोत्सव मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर समाज में सेवा और संस्कार की भावना को आगे बढ़ाया जा रहा है।

मंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद अब रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में फिल्म सिटी और मेडिसिटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट पर तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे राज्य में रोजगार और विकास के नए अवसर बनेंगे। उन्होंने यह भी दोहराया कि छत्तीसगढ़ सरकार किसान हितैषी और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने वाली सरकार है।

कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य ने बताया कि यह महोत्सव पूरी तरह महिलाओं को समर्पित है, जिसमें महिलाओं द्वारा स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं को स्व-रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिल रहा है।

इस अवसर पर मोना सेन, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम अभिलाषा पैंकरा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


Related Articles