Korba Cobra Rescue News कोरबा जिले के बलगी क्षेत्र में शनिवार रात करीब 10:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर करीब पांच फीट लंबा जहरीला नाग दिखाई दिया। सांप को सड़क पार करते देख राहगीर और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। लोगों ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन वह फन फैलाकर पास की एक बंद नाली में जाकर बैठ गया।
सांप के नाली में छिप जाने के बाद किसी ने उसे पकड़ने या वहां से हटाने की हिम्मत नहीं की। लोगों की सुरक्षा और सांप को सुरक्षित बचाने के उद्देश्य से वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने नोवा नेचर रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी से संपर्क किया।
सूचना मिलने के बाद जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ कुछ समय में मौके पर पहुंचे और टॉर्च की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात के अंधेरे में सांप ने खुद को खतरे में महसूस करते हुए फन फैलाकर हमला करने की कोशिश भी की, लेकिन टीम ने सावधानीपूर्वक उसे काबू में कर सुरक्षित थैले में डाल लिया।
सांप के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम का आभार जताया। इसके बाद कटघोरा वन विभाग के डीएफओ कुमार निशांत को सूचना देकर सांप को उसी रात उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क पर सांप देखा गया, वहां अक्सर लोगों की आवाजाही रहती है और अंधेरा होने के कारण किसी भी बड़ी घटना की आशंका थी। रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके घर या आसपास कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और तुरंत हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर सूचना दें, ताकि समय पर रेस्क्यू कर सर्पदंश जैसी घटनाओं से बचा जा सके।

