Raipur Drug Smuggling Pakistan Link रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से संचालित हेरोइन तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कबीर नगर, आमानाका थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पंजाब में छापेमारी कर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों से हेरोइन लाकर कुरियर और ट्रकों के माध्यम से रायपुर में सप्लाई कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कवलजीत सिंह पन्नू, तरसेम सिंह, विक्की सिंह और जनक राज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड कवलजीत सिंह पन्नू है, जिसे ‘टियर-1’ सप्लायर माना जा रहा है। वह सीधे सीमावर्ती क्षेत्रों के नेटवर्क से हेरोइन खरीदकर अपने साथियों के जरिए रायपुर में सप्लाई करता था। पन्नू पहले भी रायपुर और पंजाब की जेलों में रह चुका है। उसकी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से बरेटा पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिससे सिंडिकेट के हथियारों के इस्तेमाल की भी पुष्टि होती है।
पुलिस जांच में सामने आया कि तरसेम सिंह और विक्की सिंह हेरोइन को सामान्य पार्सल के रूप में छिपाकर रायपुर भेजते थे, जहां स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर इसे रिसीव कर ग्राहकों तक पहुंचाते थे। वहीं जनक राज ट्रक चालकों के जरिए वैध माल की आड़ में हेरोइन की सप्लाई कराता था।
सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा चार चरणों में की गई कार्रवाई के तहत हुआ। पहले चरण में रायपुर में सक्रिय ड्रग सप्लायर्स को पकड़ा गया, इसके बाद कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंजाब कनेक्शन सामने आया। तीसरे चरण में कुरियर और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क की जांच की गई और अंततः चौथे चरण में पंजाब में छापेमारी कर मुख्य सप्लायर्स को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

