Raipur Buried Body Found News रायपुर में दो अलग-अलग इलाकों से एक शव और एक नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है। अभनपुर थाना क्षेत्र के भरेंगाभाटा गांव में जमीन में दफन एक युवक का शव बरामद किया गया, जबकि उरला इलाके के मेटल पार्क से करीब एक महीने पुराना नर कंकाल मिला है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पहले मामले में 21 मार्च को भरेंगाभाटा गांव के ग्रामीणों ने सुनसान इलाके में जमीन से बाहर निकले हाथ और पैर देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खुदाई कर शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान हाथ में बने टैटू के आधार पर शदाणी दरबार निवासी नितेश बत्रा के रूप में की गई। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर उसे जमीन में दफनाया गया है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
दूसरे मामले में उरला के औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेटल पार्क में एक नर कंकाल मिला है, जो प्रारंभिक जांच और कपड़ों के आधार पर दिलीप (उम्र लगभग 45-50 वर्ष) का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दिलीप पिछले एक महीने से लापता था और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मौके पर उरला पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने जांच की। शव पूरी तरह गल चुका होने के कारण केवल हड्डियां बची हैं, जिससे मौत के कारणों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण है। पुलिस इसे हत्या के एंगल से भी जांच रही है और आशंका है कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया होगा।
दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

