Raipur Nagar Nigam Notice News : रायपुर नगर निगम ने राजस्व वसूली में लापरवाही को लेकर अपने ही विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कम वसूली के कारण जोन 8, 9 और 10 के राजस्व विभाग को “कारण बताओ” नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त विश्वदीप ने गुरुवार को राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक ली, जिसमें जोनवार और वार्डवार आंकड़ों की पड़ताल की गई। बैठक में सामने आया कि कई क्षेत्रों में तय लक्ष्य के अनुसार वसूली नहीं हो पाई है, जिस पर आयुक्त ने नाराजगी जताई।
आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए हैं कि जिन प्रॉपर्टी आईडी से अब तक टैक्स वसूली नहीं हुई है, उनकी पूरी सूची 23 मार्च तक राजस्व विभाग को भेजी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वसूली नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही 31 मार्च तक अधिक से अधिक राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस अभियान में सभी जोनों की टीमें, अपर आयुक्त और उपायुक्त के मार्गदर्शन में सक्रिय रहेंगी।
बैठक में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, जोन कमिश्नर और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे। आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी 10 जोनों को आदेश दिए हैं कि बड़े बकायेदारों को तुरंत डिमांड बिल सहित नोटिस जारी किए जाएं और राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए। नगर निगम का लक्ष्य इस वर्ष 100% राजस्व वसूली हासिल करना है।
Read More : रतनपुर में तेज रफ्तार पिकअप ने एसडीएम की कार को मारी टक्कर, बाल-बाल बचे अफसर, भाग रहा ड्राइवर पकड़ाया

