प्रतापपुर की जनता गैस संकट और एजेंसी की मनमानी से परेशान, उपभोक्ताओं के नाम पर उठाए फर्जी सिलेंडर, स्थानीय लोगों ने आंदोलन की दी चेतावनी

प्रतापपुर की जनता गैस संकट और एजेंसी की मनमानी से परेशान, उपभोक्ताओं के नाम पर उठाए फर्जी सिलेंडर, स्थानीय लोगों ने आंदोलन की दी चेतावनी

Pratappur Gas Crisis News सूरजपुर। प्रतापपुर में रसोई गैस वितरण व्यवस्था पर गंभीर आरोप सामने आए हैं, जिसमें उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी सिलेंडर उठाए जाने और नए ग्राहकों से 190 रुपये का पाइप जबरन थोपे जाने का मामला उजागर हुआ है। वार्ड क्रमांक 6 के निवासी महेंद्र गुप्ता ने बताया कि उन्होंने जुलाई 2025 के बाद से कोई सिलेंडर नहीं लिया था, लेकिन एजेंसी के रिकॉर्ड में उनके नाम पर 24 फरवरी को गैस पहले ही उठाए जाने का दावा किया गया था। जांच में सामने आया कि दर्ज मोबाइल नंबर उनका नहीं बल्कि किसी होटल संचालक का था, जिससे फर्जीवाड़े की आशंका और गहरी हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या अकेले महेंद्र गुप्ता तक सीमित नहीं है और कई उपभोक्ताओं के साथ ऐसे गड़बड़ी की जा रही है। आरोप है कि एजेंसी स्तर पर संगठित रूप से सिलेंडर का फर्जी वितरण कर कालाबाजारी की जा रही है। वहीं, नए उपभोक्ताओं को सिलेंडर के साथ 190 रुपये का पाइप जबरन थमाने का दबाव बनाया जा रहा है। यदि उपभोक्ता इसे लेने से इनकार करते हैं, तो सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाता। डीलर का कहना है कि “ऊपर से ही ऐसा आदेश मिला हुआ है।”

प्रतापपुर क्षेत्र में गैस की भारी किल्लत बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर 45 दिनों में, जबकि शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों में ही मिलता है। आम उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि होटलों को तत्काल सिलेंडर मिलना कई सवाल खड़े करता है। इससे यह संकेत मिलता है कि व्यावसायिक उपयोग को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि आम जनता की जरूरतें अनदेखी की जा रही हैं। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी के पूरे रिकॉर्ड की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इस पूरे मामले पर फूड इंस्पेक्टर शशि जायसवाल ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता के नाम पर कोई अन्य व्यक्ति गैस उठा रहा है, तो यह पूरी तरह से गलत और दंडनीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और शिकायत सही पाए जाने पर प्रकरण उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। फिलहाल प्रतापपुर की जनता गैस की कमी, फर्जीवाड़े और जबरन वसूली के संकट से जूझ रही है।

Read More : रायपुर में नशे के दो बड़े मामले उजागर, कोकीन के साथ युवक गिरफ्तार, गांजा लेकर जा रहे महिला-पुरुष भी पकड़े गए


Related Articles