Raipur Drug Bust News रायपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोकीन और गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। एंटी क्राइम और एंटी नारकोटिक्स टीम ने संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से कोकीन बरामद की है, जबकि गंज थाना पुलिस ने महिला समेत दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गांजे के साथ पकड़ा है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4.55 ग्राम कोकीन बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 2.27 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक Maruti Suzuki Grand Vitara कार और Apple iPhone भी जब्त किया है, जिनकी कुल कीमत लगभग 20.27 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कोकीन को कोरियर के माध्यम से मंगवाता था और फिर शहर में उसकी सप्लाई करता था। इस बार उसने कोकीन को बीपी मशीन के अंदर छिपाकर मंगाया था ताकि जांच से बच सके। पुलिस अब इस मामले में संबंधित कोरियर कंपनी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेक्टर-5 स्थित नारायणा अस्पताल के पास एक व्यक्ति कार में कोकीन लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को घेर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कोरियर पैकेट में रखी बीपी मशीन के भीतर छिपाकर रखी गई कोकीन बरामद की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में गंज थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए भोपाल निवासी कैलाश कुशवाहा (40) और पूजा पटेल (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र में राजपूताना होटल के सामने एक महिला और पुरुष बैग में गांजा लेकर खड़े हैं। छापेमारी कर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और उनके पास से 5.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 2.63 लाख रुपये बताई गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर अहमदाबाद में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

