Bastar Riders Meet 2026 Jagdalpur : जगदलपुर शहर में 4 अप्रैल 2026 को पहली बार एक भव्य और अनूठा आयोजन होने जा रहा है, जिसका नाम बस्तर राइडर्स मीट 2026 रखा गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन गरुड़ा द राइडर्स क्लब द्वारा किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से बाइक राइडर्स और राइडिंग के शौकीन बड़ी संख्या में हिस्सा लेने पहुंचेंगे। यह आयोजन न केवल राइडिंग के जुनून को बढ़ावा देगा, बल्कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति, खानपान और वेशभूषा से लोगों को रूबरू कराने का भी एक विशेष मंच बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान बाहर से आने वाले राइडर्स को बस्तर के प्राकृतिक सौंदर्य और सुरक्षित वातावरण का अनुभव कराया जाएगा। आयोजकों ने जिले के विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर बाइक राइडर्स के लिए बस्तर दर्शन का विशेष कार्यक्रम तैयार किया है, जिससे वे पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कर सकें। इस पहल के माध्यम से बस्तर में बाइक राइडिंग की संभावनाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस आयोजन में बाइक शो एवं प्रदर्शनी के तहत विभिन्न ब्रांडों की आकर्षक मोटरसाइकिलों का प्रदर्शन किया जाएगा, वहीं कुशल राइडर्स द्वारा रोमांचक राइडिंग शो और स्टंट भी प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ मॉडिफाइड बाइक, सर्वश्रेष्ठ विंटेज बाइक और सर्वश्रेष्ठ सुपरबाइक जैसी श्रेणियों में पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जो प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।
इसके साथ ही बस्तर टैलेंट शोकेस के माध्यम से स्थानीय कलाकारों, संगीतकारों और प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला दिखाने का मंच मिलेगा। सांस्कृतिक फूड फेस्टिवल में बस्तर के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को चखने का अवसर मिलेगा, जिससे यह आयोजन सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से भी खास बन जाएगा।
यह कार्यक्रम बाइक प्रेमियों के लिए एक बड़ा मिलन स्थल साबित होगा, वहीं बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर भी प्रदान करेगा। आयोजकों ने राइडर्स, मीडिया प्रतिनिधियों, बाइक लवर्स और आम जनता से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। पंजीकरण के लिए इच्छुक प्रतिभागी दिए गए मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।

