किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय रायगढ़ में प्रसूति सुविधा बहाल करने की मांग तेज, रिंकी पांडेय ने उठाया मुद्दा

किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय रायगढ़ में प्रसूति सुविधा बहाल करने की मांग तेज, रिंकी पांडेय ने उठाया मुद्दा

Chhattisgarh News: रायगढ़। किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में प्रसूति विभाग बंद होने से महिलाओं को हो रही परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस प्रवक्ता रिंकी पांडेय ने राज्य शासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने मांग की है कि नए भवन के निर्माण तक जिला अस्पताल में आपातकालीन प्रसूति वार्ड की तत्काल व्यवस्था की जाए।

रिंकी पांडेय ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि प्रसूति विभाग को शहर से दूर मेडिकल कॉलेज के पास स्थानांतरित किए जाने के कारण सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में डिलीवरी सुविधा उपलब्ध नहीं होने से महिलाओं को मजबूरन निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि देर रात प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को भी जिला अस्पताल में गायनिक वार्ड और ऑपरेशन की सुविधा नहीं मिल पाने के कारण भटकना पड़ता है। ऐसी स्थिति में उन्हें निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है, जो आम परिवारों के लिए महंगा साबित हो रहा है।

रिंकी पांडेय ने यह भी बताया कि जिला अस्पताल का भवन लगभग 80 वर्ष पुराना और जर्जर हो चुका है, जिसे लोक निर्माण विभाग द्वारा डेड घोषित किया जा चुका है। नए भवन के लिए प्रस्ताव और बजट स्वीकृत होने के बावजूद प्रसूति सेवाओं की वैकल्पिक व्यवस्था अब तक नहीं की गई है।

इसके अलावा अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्टाफ की भारी कमी भी बनी हुई है। पीडियाट्रिशियन, गायनिक, न्यूरो और आर्थोपेडिक सर्जन सहित कई महत्वपूर्ण पद रिक्त हैं। नर्सिंग स्टाफ और लैब टेक्नीशियन की कमी भी स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित कर रही है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए रिंकी पांडेय ने राज्य सरकार से मांग की है कि किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय रायगढ़ में प्रसूति विभाग को तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाए, ताकि महिलाओं को सरकारी अस्पताल में सुरक्षित और सुलभ प्रसव सुविधा मिल सके तथा उनका आर्थिक बोझ कम हो।


Related Articles