Raigarh Ganja Seizure रायगढ़ जिले में लैलूंगा थाना क्षेत्र के पाकरगांव में एक नाबालिग लड़के को गांजा की तस्करी करते हुए पकड़ लिया गया। यह लड़का स्कूटी से ओडिशा के लेफरीपारा से गांजा लाकर बेचने की फिराक में था। पुलिस को पहले ही इसकी सूचना मिल गई थी और सूचना मिलने के तुरंत बाद टीम ने अटल चौक के पास घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। संदिग्ध स्कूटी को रोकने की कोशिश के दौरान नाबालिग भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी उम्र 17 साल बताई।
स्कूटी की तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 5 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांजा खरीदकर इसे स्थानीय बाजार में बेचने जा रहा था। पुलिस ने गांजा और स्कूटी दोनों जब्त कर मामले में केस दर्ज किया है। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध शराब और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” अभियान के तहत हुई। अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे और तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Read More : तेज रफ्तार कार ने 4 बाइकों को मारी टक्कर, 16 साल के युवक की इलाज के दौरान मौत, दो की हालत गंभीर

