Durg Road Accident News: तेज रफ्तार कार ने 4 बाइकों को मारी टक्कर, 16 साल के युवक की इलाज के दौरान मौत, दो की हालत गंभीर

Durg Road Accident News: तेज रफ्तार कार ने 4 बाइकों को मारी टक्कर, 16 साल के युवक की इलाज के दौरान मौत, दो की हालत गंभीर

Durg Road Accident News : दुर्ग जिले में तेज रफ्तार का कहर उस समय देखने को मिला जब एक बेकाबू कार ने एक साथ चार बाइकों को टक्कर मार दी, जिससे कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और एक किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह भीषण सड़क हादसा बोरी थाना क्षेत्र के लिटिया-सेमरिया चौकी अंतर्गत सेवती गांव के पास हर्री स्थित एक राइस मिल के सामने हुआ, जहां काम से लौट रहे युवक अचानक तेज रफ्तार में आ रही सफेद स्विफ्ट कार की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते सामने से आकर उसने बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को संभाला और अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन घटना के समय सरकारी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच पाई, जिसके कारण घायलों को निजी एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। इस दुर्घटना में जगमोहन यादव उर्फ जग्गू समेत कई युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। डॉक्टरों ने सभी का इलाज शुरू किया, लेकिन जगमोहन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी और इलाज के दौरान बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र महज 16 वर्ष थी, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

इस हादसे में घायल हुए अन्य युवकों में प्रहलाद यादव (19), संस्कार भारती (15), माही यादव (14), मोहित भारती (17), करण यादव (16), चेतन यादव (17) और हिमांशु मरैया (16) शामिल हैं, जिनमें से दो की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई बाइक दूर तक घिसट गईं और युवक सड़क पर बुरी तरह घायल अवस्था में पड़े रहे।

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और वाहन का नंबर CG04KS1712 बताया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि आरोपी चालक भी हादसे में घायल हुआ है, लेकिन फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Read More : भिलाई में केनाल रोड के विरोध में चक्काजाम, लोग बोले- पहले 15 फीट बनने वाली थी सड़क, अब 30 फीट कर दिया, हम बेघर हो जाएंगे


Related Articles