Raigarh Minor Rape Case रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में एक युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और उसे डराकर 10 हजार रुपए वसूलने की कोशिश की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी उद्धव दास महंत (21) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की उम्र 17 वर्ष है और उसने महिला थाने रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी और पीड़िता की पहले रिश्तेदारी से पहचान हुई थी, उसके बाद इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई। 26 जनवरी को आरोपी पीड़िता को स्कूल के पास से बाइक पर अपने किराए के मकान ले गया और वहां जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए, साथ ही किसी को बताने पर धमकी दी।
घटना के बाद 11 मार्च को आरोपी पीड़िता के घर के पास आया और डराते हुए 10 हजार रुपए की मांग की। पीड़िता ने मजबूरी में पैसे दे दिए, लेकिन बाद में परिजनों को जानकारी मिली। परिजनों की सलाह पर पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध बेहद गंभीर हैं और इनमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों को छिपाएं नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।

