Surajpur NSUI Protest सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में कक्षा 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं दोपहर की पाली में आयोजित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध शुरू हो गया है। इस मुद्दे को लेकर NSUI ने जिला सचिव गोल्डी खान के नेतृत्व में अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा समय में बदलाव की मांग की है। संगठन का कहना है कि प्रस्तावित समय के अनुसार 25 मार्च 2026 से परीक्षाएं दोपहर में आयोजित की जानी हैं, जो वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों के लिए काफी परेशानी भरा साबित हो सकता है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रतापपुर सहित पूरे सूरजपुर जिले में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में दोपहर के समय परीक्षा आयोजित करने से विद्यार्थियों को अत्यधिक गर्मी और तेज धूप का सामना करना पड़ेगा, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इस स्थिति को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में भी असंतोष का माहौल देखा जा रहा है। संगठन ने यह भी उल्लेख किया कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, जिससे शारीरिक थकान और असुविधा बढ़ेगी और उनके परीक्षा प्रदर्शन पर भी असर पड़ सकता है।
NSUI के जिला सचिव गोल्डी खान ने अधिकारियों को यह भी अवगत कराया कि प्रतापपुर क्षेत्र के कई हिस्से हाथी प्रभावित क्षेत्र में आते हैं, जिससे विद्यार्थियों की आवाजाही सुरक्षा के लिहाज से एक गंभीर मुद्दा बन जाता है। उन्होंने कहा कि दोपहर की पाली में परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम के समय विद्यार्थियों का घर लौटना जोखिमपूर्ण हो सकता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
संगठन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए कक्षा 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं दोपहर की पाली के बजाय सुबह की पाली में आयोजित करने की मांग की है। साथ ही उम्मीद जताई है कि प्रशासन विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता देते हुए जल्द ही इस विषय में सकारात्मक निर्णय लेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान NSUI नगर अध्यक्ष रिजवान, राजा हसन, शिवमंगल सिंह, कृष, राजकुमार, देवकुमार सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

