दुर्ग में मधुमक्खियों के हमले में महिला की मौत, 5 हुईं घायल, खेत में काम करते वक्त हुई घटना

दुर्ग में मधुमक्खियों के हमले में महिला की मौत, 5 हुईं घायल, खेत में काम करते वक्त हुई घटना

Durg Bee Attack News : दुर्ग जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब खेत में काम कर रही महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में 40 वर्षीय दुर्गा साहू की मौत हो गई, जबकि चार से पांच अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और डर का माहौल बन गया है। मामला धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रूहा का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक गांव की कुछ महिलाएं रोज की तरह खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड वहां पहुंच गया और महिलाओं पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के अचानक हमले से महिलाएं घबरा गईं और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं, लेकिन तब तक कई महिलाओं को मधुमक्खियों ने बुरी तरह काट लिया था।

हमले में दुर्गा साहू की हालत ज्यादा गंभीर हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें और अन्य घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गा साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायल महिलाओं का अस्पताल में इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार बाकी महिलाओं की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और आसपास के इलाकों में कई जगहों पर मधुमक्खियों के बड़े-बड़े छत्ते लगे हुए हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों और आसपास के इलाकों में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि खेतों में रोज किसान और मजदूर काम करने जाते हैं, इसलिए वहां सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाना जरूरी है।

Read More : रायपुर के व्यापारियों का 75 लाख कैश महासमुंद में पकड़ाया, कोई वैध डॉक्यूमेंट नहीं, नाके पर पुलिस ने पकड़ी गाड़ी


Related Articles